অসমীয়া   বাংলা   बोड़ो   डोगरी   ગુજરાતી   ಕನ್ನಡ   كأشُر   कोंकणी   संथाली   মনিপুরি   नेपाली   ଓରିୟା   ਪੰਜਾਬੀ   संस्कृत   தமிழ்  తెలుగు   ردو

आम में फल झड़ने की समस्या एवं प्रबंधन

आम में फल झड़ने की समस्या एवं प्रबंधन

परिचय

आम के फलों का झड़ना एक बहुत ही गंभीर समस्या है। आम में लगभग 99 प्रतिशत फल विभिन्न चरणों में गिर जाते है और मात्र 0.1 प्रतिशत फल ही परिपक्व अवस्था तक पहुँच पाते है। अत्याधिक फलों का गिरना आम की उत्पादकता पर विपरीत असर डालता है। फलों का गिरना किस्म विशेष, निषेचन की कमी, द्विलिंगी पुष्पों की कमी, अपर्याप्त परागण, पराग कीटों की कमी, फलों की पोषक तत्वों के लिए प्रतिस्पर्धा और बाग़ में नमी की कमी के कारण प्रभावित होता है। सामान्यत: आम की लगभग सभी किस्मों में यह समस्या समान रूप से पाई जाती है।

आम में फल झड़न की प्रक्रिया को तीन चरणों में बांटा गया है

पिन हैड अवस्था में फलों का गिरना

इस अवस्था में फल झड़न अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में शुरू हो जाता है। इस अवधि में अधिकतर फल पेड़ से झड़ जाते है। झड़ने वाले फलों में फूल की सूखी पंखुड़ियाँ तथा सिकुड़े हुए फल शामिल होते है। इस अवस्था में गिरने वाले फलों का आकार पिन के सिरे के समान होता है। मूल रूप से अपर्याप्त परागण वाले फल इस अवधि में गिर जाते है।

फल स्थापित होने के बाद झड़न

इस अवधि में 4 मि.मी. व्यास से अधिक आकार के फल पौधों से झड़ जाते है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में फलों का झड़ना बंद होता है।

मई में फलों का झड़न

इस अवधि में गिरने वाले फलों से बागवानों को अधिकतम हानि पहुँचती है क्योंकि इस समय फल तोड़ने के लिए तैयार हो चुके होते हैं। फल झड़न पूरे मई में जारी रहता है इसलिए इसे जून ड्रॉप का नाम दिया गया है।

फल झड़न के कारण

नमी

उच्च तापमान तथा तेज हवाओं के चलने से पानी का अधिक वाष्पीकरण होता है जिससे पत्ते मुरझा जाते है तथा फल गिरने की समस्या उत्पन्न हो जाती है। दशहरी किस्म पर किये गये शोध में यह पाया गया है कि नियमित सिंचाई से इस समस्या को कम किया जा सकता है।

पोषक तत्वों की कमी

तेजी से बढ़ रहे फलों को अधिक पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। इसी कारण फलों की आपस में स्पर्धा होती है। ऐसे फल जिन्हें नियमित तथा संतुलित मात्रा में पोषक तत्व नहीं मिल पाते वृक्षों से गिर जाते हैं।

बीज का विकास

बीज से एक प्रकार के वृद्धि बढ़ाने वाले हार्मोन्स (ऑक्सिन) निकलते है जो कि फलों को पौधों पर बनाए रखने में सहायक होते हैं। परागण न होने पर बीज का न बनना या बीज का सही विकास न होना, दोनों अवस्थाओं में फल झड़ने की मात्रा अधिक होती है।

कीट तथा बीमारियाँ

आम में अनेक प्रकार के कीट (मिली बग, हॉपर इत्यादि) तथा बीमारियाँ (एंथ्रेक्नोज, पाउडरी मिल्ड्यू) फलन को प्रभावित करते है। बीमारियों तथा कीट के अधिक प्रकोप के कारण भी फल झड़ने की समस्या में वृद्धि हो जाती है।

एवसिशन तह का बनना

परआक्सी डेज की अधिक क्रियाशीलता के कारण फलों की डंडी में 6-7 मृत कोशिकाओं की तह तैयार हो जाती है जिसे एवसिशन तह कहा जाता है। इस तह के बनने पर फल तथा डंडी अलग हो जाती है तथा फल नीचे गिर जाते है।

प्रबंधन

देख-भाल

आम के बागीचों में अच्छी देखभाल के द्वारा फल झड़न की समस्या को कम किया जा सकता है। नियमित सिंचाई तथा पालीथीन मल्चिंग के द्वारा मृदा में नमी को संचित किया जा सकता है जो कि फलों को गिरने से रोकने में सहायक है। पौधों में खाद व उर्वरक के नियमित व संतुलित उपयोग से भी इस समस्या को कम किया जा सकता है।

हौरमोन्स का प्रयोग

आमतौर पर कई तरह के हौरमोन्स जैसे एन.ए.ए., 2, 4-डी, 2, 4, 5-टी, जी.ए. इत्यादि फलों को झड़न से बचाने के लिए प्रयोग किये जाते है। शोध कार्यक्रमों में यह पाया गया है कि 20 पी.पी.एम. 2,4-डी, का अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में छिड़काव इस समस्या को काफी हद तक नियमित करने में सहायक है।

कीट तथा बीमारियों की रोकथाम

आम में लगने वाले कीटों तथा बीमारियों की समय पर रोकथाम करने से भी फलों को झड़ने से बचाया जा सकता है।

स्त्रोत: कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन (आत्मा ), हिमाचल प्रदेश

आम में रोग-व्याधि नियंत्रण

अंतिम बार संशोधित : 2/22/2020



© C–DAC.All content appearing on the vikaspedia portal is through collaborative effort of vikaspedia and its partners.We encourage you to use and share the content in a respectful and fair manner. Please leave all source links intact and adhere to applicable copyright and intellectual property guidelines and laws.
English to Hindi Transliterate