आधार संख्या एक 12 अंकों की यादृच्छिक संख्या है जो भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा भारत के निवासियों या अनिवासी भारतीयों (एनआरआई) को प्राधिकरण द्वारा निर्धारित सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद जारी की जाती है। आधार के रूप आधार चार अलग-अलग रूपों में उपलब्ध है। आधार पत्र - आधार नामांकन के बाद, यूआईडीएआई आधार को एक पत्र के रूप में भेजता है और इसे भारतीय डाक द्वारा वितरित किया जाता है। इसमें आपकी फोटो, जनसांख्यिकीय विवरण जैसे नाम, जन्मतिथि, लिंग, पता और एक सुरक्षित क्यूआर कोड होता है। आधार पीवीसी कार्ड - आधार पीवीसी कार्ड, आधार का एक टिकाऊ, क्रेडिट कार्ड के आकार का संस्करण है जिसमें बेहतर सुरक्षा सुविधाएँ हैं। इस कार्ड की सुरक्षा विशेषताओं में शामिल हैं: छेड़ छाड़ रोधी क्यू आर कोड होलोग्राम सूक्ष्म टेक्सट घोस्ट छवि जारी करने की तिथि और मुद्रण तिथि गिलोच पैटर्न उभरा हुआ आधार लोगो इसे यूआईडीएआई वेबसाइट / मायआधार पोर्टल या एमआधार ऐप के माध्यम से 50 रुपये में ऑनलाइन ऑर्डर किया जा सकता है। ई-आधार : ई-आधार आपके आधार पत्र का एक इलेक्ट्रॉनिक संस्करण है। यह पासवर्ड से सुरक्षित है और UIDAI द्वारा डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित है। इसे myAadhaar पोर्टल या mAadhaar ऐप से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है। यह एक पासवर्ड से सुरक्षित पीडीएफ फाइल है जिसमें डिजिटल हस्ताक्षर और क्यूआर कोड है। ई-आधार का पासवर्ड नाम के पहले 4 बड़े अक्षरों और जन्म वर्ष (YYYY) का संयोजन है। एम आधार: एम आधार ऐप का इस्तेमाल भारत में कहीं भी, कभी भी किया जा सकता है। एक ओर, mAadhaar प्रोफ़ाइल को एक वैध पहचान पत्र के रूप में स्वीकार किया जाता है, वहीं दूसरी ओर, आधार संख्या धारक ऐप की सुविधाओं का उपयोग करके अपनी पसंद की कई सेवाओं का स्वेच्छा से लाभ उठाते हुए, सेवा प्रदाताओं के साथ अपना eKYC या QR कोड साझा कर सकते हैं। आधार के सभी रूप पूरे देश में समान रूप से वैध और स्वीकार्य हैं। आधार के डिजाइन संबंधी प्रमुख विचार आधार का उपयोग आधार और इसका प्लेटफ़ॉर्म सरकार को कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत अपनी वितरण प्रणाली को सुव्यवस्थित करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है, जिससे पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित होती है। पहचान पत्र के रूप में आधार का उपयोग लाभार्थियों को अपनी पहचान साबित करने के लिए कई दस्तावेज़ प्रस्तुत करने की आवश्यकता को समाप्त करके, सुविधाजनक और निर्बाध तरीके से सीधे अपने अधिकार प्राप्त करने में सक्षम बनाता है। आधार का उपयोग तेज़ी से बढ़ रहा है और वर्तमान में केंद्र और राज्य सरकारों के मंत्रालयों और विभागों के साथ-साथ निजी क्षेत्रों द्वारा प्रदान की जाने वाली 3000 से अधिक योजनाएँ, लाभ और सेवाएँ सुचारू वितरण के लिए आधार का उपयोग कर रही हैं। यह जीवन को आसान बनाने और व्यापार करने में आसानी को सुगम बना रहा है। सरकारों और सेवा एजेंसियों के लिए आधार सीडिंग/लिंकेज विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत डुप्लिकेट को समाप्त करने में सक्षम बनाता है, जिससे सरकारी खजाने में पर्याप्त बचत होती है। यह सरकार को लाभार्थियों का सटीक डेटा भी प्रदान करता है और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) कार्यक्रमों के कार्यान्वयन को सक्षम बनाता है। आधार प्रमाणीकरण कार्यान्वयन एजेंसियों को सेवा/लाभ वितरण के समय लाभार्थियों का सत्यापन करने में सक्षम बनाता है और उन्हें लक्षित लाभ वितरण भी सुनिश्चित करता है। इन सभी गतिविधियों से निम्नलिखित परिणाम प्राप्त होते हैं: लक्षित वितरण के माध्यम से लीकेज पर अंकुश: सभी सामाजिक कल्याण कार्यक्रम, जहाँ लाभार्थियों को सेवा वितरण से पहले पुष्टिकरण की आवश्यकता होती है, यूआईडीएआई की प्रमाणीकरण सेवाओं से लाभान्वित होते हैं। यह लीकेज पर अंकुश लगाता है और यह सुनिश्चित करता है कि सेवाएँ केवल लक्षित लाभार्थियों तक ही पहुँचें। उदाहरणों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के लाभार्थियों को सब्सिडी वाला खाद्यान और केरोसिन वितरण, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (MGNREGA) के लाभार्थियों की कार्यस्थल पर उपस्थिति आदि शामिल हैं। दक्षता और प्रभावकारिता में सुधार: आधार प्लेटफॉर्म द्वारा सेवा वितरण तंत्र के बारे में सटीक और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराए जाने से सरकार संवितरण प्रणालियों में सुधार कर सकती है और अपने विकास निधियों का अधिक प्रभावी और कुशलतापूर्वक उपयोग कर सकती है। आधार संख्या धारकों के लिए आधार प्रणाली, आधार संख्या धारकों के लिए देश भर में एकल स्रोत ऑफ़लाइन/ऑनलाइन पहचान सत्यापन प्रदान करती है। एक बार आधार संख्या धारक द्वारा नामांकन करा लेने के बाद, वे ऑनलाइन प्रमाणीकरण या ऑफ़लाइन सत्यापन के माध्यम से अपनी पहचान प्रमाणित करने और स्थापित करने के लिए अपने आधार संख्या का उपयोग कर सकते हैं। यह देश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से में प्रवास करने वाले करोड़ों लोगों को कभी भी, कहीं भी अपनी पहचान आसानी से सत्यापित करने में भी मदद करता है। स्रोत: यूआईडीएआई