पृष्ठभूमि उपयोगकर्ताओं के लाभ को ध्यान में रखते हुए, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने निवासियों को अपने आधार से जुड़े मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी को सत्यापित करने की अनुमति दी है। मोबाइल/ईमेल आईडी को नामांकन के समय या नवीनतम आधार विवरण अपडेट के दौरान निवासी द्वारा की गई घोषणा के आधार पर जोड़ा जाता है। यूआईडीएआई के संज्ञान में आया था कि कुछ मामलों में, निवासियों को यह पता नहीं होता कि उनका कौन सा मोबाइल नंबर उनके आधार से जुड़ा है। इसलिए, निवासियों को चिंता थी कि आधार ओटीपी किसी और मोबाइल नंबर पर जा रहा होगा। अब, इस सुविधा के साथ, निवासी इसे आसानी से जांच सकते हैं। ईमेल/मोबाइल लिंक को कैसे सत्यापित करें इस सुविधा का लाभ https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पर उपलब्ध 'ईमेल/मोबाइल नंबर सत्यापित करें' सुविधा के अंतर्गत या mAadhaar ऐप के माध्यम से उठाया जा सकता है। इसे निवासियों के लिए यह सत्यापित करने हेतु विकसित किया गया है कि उनका ईमेल/मोबाइल नंबर उनके आधार से जुड़ा हुआ है। यह सुविधा निवासी को यह पुष्टि प्रदान करती है कि उसकी जानकारी में आने वाला ईमेल/मोबाइल नंबर ही उसके आधार से जुड़ा है। यह सुविधा निवासी को यह भी सूचित करती है कि यदि कोई विशेष मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, तो उसे आधार से लिंक करना होगा और यदि वे चाहें तो मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए आवश्यक कदम उठाने होंगे। यदि मोबाइल नंबर पहले से ही सत्यापित है तो निवासियों को उनकी स्क्रीन पर एक संदेश दिखाई देगा, ' आपके द्वारा दर्ज किया गया मोबाइल नंबर पहले से ही हमारे रिकॉर्ड से सत्यापित है'। यदि किसी निवासी को नामांकन के दौरान दिया गया मोबाइल नंबर याद नहीं है, तो वह https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पर आधार सत्यापन सुविधा पर या mAadhaar ऐप के माध्यम से मोबाइल के अंतिम तीन अंक जांच सकता है। यदि कोई निवासी ईमेल/मोबाइल नंबर को आधार से लिंक करना चाहता है या अपना ईमेल/मोबाइल नंबर अपडेट करना चाहता है, तो वह निकटतम आधार केंद्र पर जा सकता है। स्रोत: यूआईडीएआई