गूगल ट्रांसलेट एप्प-नया अनुभव भाषाई दीवार को ढहाने की कोशिशों में, जमकर एक और हथौड़ा। आपके मोबाइल उपकरणों (एंड्रायड तथा एप्पल स्मार्टफ़ोनों व टैबलेटों में) के लिए उपलब्ध गूगल ट्रांसलेट ऐप्प में एक और सुविधा जोड़ी गई है। अब आप किसी दूसरी भाषा में लिखी या छपी सामग्री को अपने मोबाइल उपकरण के कैमरे से देखें, और तुरंत ही उसका अपनी मनपसंद भाषा में अनुवाद पढ़ें! यानी, यदि आप दिल्ली (या भोपाल की भी,) की किसी गली में घूम रहे हों और आपको किसी दुकान या मकान में लिखे साइन बोर्ड की अंग्रेज़ी समझ में नहीं आती है, तो गूगल ट्रांसलेट ऐप्प खोलें, अंग्रेजी भाषा में लिखे पाठ या साइनबोर्ड की तरफ अपने मोबाइल का कैमरा पाइंट करें। यह पाठ को स्वयं स्कैन करेगा और आपकी अपनी भाषा में तुरंत अनुवाद कर, अपने स्क्रीन पर ही पेश करेगा। कैसे है ये नया यानी - पढ़े फारसी बोले (बताए) हिंदी! और, न केवल हिंदी, बल्कि ध्वन्यात्मक इनपुट के लिए अब कन्नड़, गुजराती, तमिल, तेलुगु, बांग्ला तथा मराठी में समर्थन उपलब्ध है। जाँच परख के लिए, मैंने शर्ली ऐब्दो के नवीनतम - 15 जनवरी का फ्रांसीसी भाषा में प्रकाशित अंक को डाउनलोड किया। हाँ, भाई, हाँ टोरेंट से। यहाँ और कहाँ मिलेगा भला! तो, मुझे तो फ्रांसीसी नहीं आती। मैंने गूगल ट्रांसलेट ऐप्प चालू किया, और कंप्यूटर के स्क्रीन पर प्रदर्शित हो रही पत्रिका के पृष्ठों की ओर अपने मोबाइल का कैमरा पाइंट किया। इसने पेज को स्कैन किया और तुरंत ही अंग्रेज़ी में इसका रीयल टाइम अनुवाद प्रस्तुत किया। हिंदी के लिए, अभी अनुवादों को डाउनलोड करने का विकल्प है, जिसे आप टैप कर पढ़ सकते हैं। वैसे, अनुवाद अभी पूरा पक्का नहीं है, मगर प्रोग्राम अभी सीढ़ियाँ चढ़ रहा है-दिन-ब-दिन निखर रहा है, सीख रहा है, और उत्तरोत्तर उत्तम होता जा रहा है। अब गूगल ट्रांसलेट ऐप्प में आप बोलकर, लिखकर (टाइप कर तथा पेन जैसे उपकरण से टच-स्क्रीन पर घसीटी लिख कर) तथा पाठ को स्कैन कर दो भाषाओं के बीच अनुवाद कर सकते हैं! तकनीक का एक और करिश्मा। लगता है, अब आदमी का पीके बनने में कोई देर नहीं है, जब उसका आपसी संवाद-यानी लिखने-पढ़ने-बोलने-समझने का सारा काम ऐं-वें ही होने लगेगा-भले ही वो भोजपुरिया हो कि चीनी! यह ऐप्प कुछ भाषाओं के बीच अनुवादों के लिए ऑफलाइन भी काम करता है, परंतु बेहतर अनुभव के लिए अच्छी गति का इंटरनेट कनेक्शन हो तो अच्छा। स्त्रोत : रवि रतलामी,छीेंटे और बौंछारें