नागरिकों के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग को प्रोत्साहित करने और ईज ऑफ लिविंग को बढ़ाने की परिकल्पना के अनुरूप, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने 15 अगस्त 2025 से देश भर के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर 'फास्टैग वार्षिक पास' की सुविधा सफलतापूर्वक लागू कर दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग करने वालों के लिए एक निर्बाध और किफायती यात्रा विकल्प प्रदान करते हुए, फास्टैग वार्षिक पास एक साल की वैधता या 200 टोल प्लाजा क्रॉसिंग के लिए 3,000 रुपये के एकमुश्त शुल्क के माध्यम से फास्टैग को बार-बार रिचार्ज करने की आवश्यकता को समाप्त करता है। यह फास्टैग वार्षिक पास सभी गैर-वाणिज्यिक वाहनों के लिए लागू है जिनके पास एक वैध फास्टैग है और यह राजमार्गयात्रा ऐप या एनएचएआई वेबसाइट के माध्यम से एकमुश्त शुल्क का भुगतान करने के दो घंटे के भीतर सक्रिय हो जाता है। फास्टैग वार्षिक पास केवल राजमार्गयात्रा मोबाइल एप्लीकेशन और एनएचएआई वेबसाइट पर ही सक्रिय किया जा सकता है। लगभग 98 प्रतिशत की पहुंच दर और 8 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ताओं के साथ, फास्टैग ने देश में इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम में क्रांति ला दी है। वार्षिक पास सुविधा की शुरुआत न केवल फास्टैग उपयोगकर्ता अनुभव को बढ़ाएगी, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर यात्राओं को और भी किफायती और सहज बनाएगी। अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें