ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को एक बड़ी राहत देते हुए यूनिक आईडेंटीफिकेशन अथारिटी आफ इंडिया (यूआईडीएआई) ने आईटी एवं इलेक्ट्रोनिक्स मंत्रालय के तहत एक एसपीवी, कॉमन सर्विस सेंटर को अपने 20,000 सीएससी परआधार अद्यतन सुविधा आरंभ करने की अनुमति दे दी है जो बैंकिंग कॉरेस्पॉडेंट (बीसी) के रूप में प्रचालन करते हैं। केंद्रीय संचार, एमईआईटीवाई तथा न्याय एवं विधि मंत्री श्री रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि 20,000 सीएससी अब नागरिकों को इस सुविधा की पेशकश करने में सक्षम होंगे। इस सुविधा से बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को अपने निवास स्थान के निकट आधार सेवाएं प्राप्त करने में सहायता होगी। यूआईडीएआईने कार्य के आरंभ के लिए जून की समयसीमा निर्धारित की है जब बैंकिंग सुविधाओं के साथ सीएससी अपनी आवश्यक अवसंरचना को अपग्रेड कर लेंगे और अन्य आवश्यक मंजूरियां प्राप्त कर लेंगे। सीएससी के जरिये आधार अद्यतन सेवाओं की शुरुआत कोविड 19 के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन प्रतिबंधों के दौरान एक बड़ी राहत के रूप में है। आधार को अद्यतन करने के लिए उपलब्ध इन 20,000 अतिरिक्त केंद्रों के साथ, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले उपयोगकर्ताओं को इस कार्य के लिए बैंक शाखाओं या डाक घरों में आधार केंद्रों में जाने की आवश्यकता नहीं है। स्त्रोत : पत्र सूचना कार्यालय, भारत सरकार।