पशुमित्र एक चिड़ियाघर का निरीक्षक है। उसके पास अलग-अलग जानवर हैं, जिन्हें उसे एक बड़े चौकोर क्षेत्र में बन्द करके रखना है। पर उन्हें खुला नहीं छोड़ा जा सकता क्योंकि शेर ऊँट पर झपटने लगते हैं, हाथी शेरों पर। यानि किसी को चैन नहीं है। पशुमित्र बाहरी चौकोर चारदीवारी के अंदर दो चौकोर पिंजरे इस तरह लगाता है, जिससे ये सारे जानवर एक दूसरे से अलग हो जाएं। क्या तुम बता सकते हो कि उसने ये चौकोर पिंजरे कैसे लगाए होंगे? कुछ बाज़ उड़ते-उड़ते थक गए, और उन्होंने सोचा, चलो एक पेड़ पर बैठा जाए। नीचे कुछ पेड़ थे। अगर एक-एक बाज़ एक-एक पेड़ पर बैठता है, तो एक बाज़ बच जाता है और अगर एक पेड़ पर दो-दो बाज़ बैठें, तो एक पेड़ बच जाता है। बताओ, कितने बाज़ हैं, और कितने पेड़ हैं? दो गड़रिये भेड़ें चरा रहे थे। एक गड़रिया दूसरे से बोला: ‘‘अगर तू मुझे एक भेड़ दे दे, तो हमारे पास एक जितनी भेड़ें हो जाएं”| दूसरा गड़रिया बोला: ‘‘अगर तू मुझे एक भेड़ दे दे तो मेरे पास तेरे से दुगनी भेड़े हो जाएं”| बताओ, दोनों गड़रियों के पास कितनी-कितनी भेड़ें थीं? हंसों का झुंड उड़ता जा रहा था, सामने से एक दूसरा हंस आ रहा था। वह बोला: ‘‘नमस्ते, सौ हंसों!’’ हंसों ने जवाब दिया: ‘‘नहीं, हम सौ नहीं हैं। अगर हम जितने हैं, उतने ही हमारे साथ और आ मिलें और हमारे से आधे और आ जाएं, फिर हमारे से चौथाई और आ जाएं और फिर तुम भी आ मिलो, तब हम सौ हो जाएंगे”| बताओ, कितने हंस थे? अहाते में मुर्ग़ियाँ दाना चुग रही हैं और ख़रगोश उछल-कूद कर रहे हैं, कुल 10 सिर और 24 पैर हैं। बताओ, कितने ख़रगोश और कितनी मुर्ग़ियां हैं? एक झोले में 10 पीली गेंदे हैं, 10 लाल, 5 हरी और 5 काली। आंखें मूंदकर झोले में से कम से कम इतनी गेंद निकालो कि उनमें एक ही रंग की सात गेंदें हों। नीचे दी हुई 9 आकृतियों में से एक गायब है। इस खाली जगह को भरने के लिये 1 से 6 तक संख्या डली हुई आकृतियों में से एक चुननी है। इनमें से कौन सी यहां डालनी चाहिए?