एक पतली गली पर आमने सामने खड़े ये आठ ऊँट हैं। गली इतनी पतली है कि कोई भी ऊँट किनारे से नहीं निकल सकता। बीच में जो जगह खाली है वो इतनी है कि उसमें एक ऊँट आ सकता है। दोनों समूहों को अपना रास्ता तय करना है और उसका तरीका सिर्फ ये है कि एक ऊँट नीचे बैठ जाए और दूसरा उसकी पीठ पर चढ़ के निकल जाय। एक बात और। कोई ऊँट सामने वाले की पीठ से तभी पार होगा जब दूसरे तरफ एक ऊँट जितनी जगह होगी। अब तुम्हीं इन ऊँटों को पार लगाओ। इसके लिये माचिस की चार चार तीलियां आमने सामने रखकर आजमाओ।

तीन लड़के एक होटल में जाते हैं और कुल बिल आता है 15 रुपये। हर एक पाँच का सिक्का देता है जिसे वेटर जा कर मालिक को दे देता है। मज़ेदार बात ये हुई कि मालिक सभी लड़कों को जानता है और वेटर को पाँच रुपये लौटा देने को कहता है। वेटर बेईमानी करता है और दिए गये पाँच रुपये में से, तीनों आदमियों को एक-एक रुपये तो दे देता है पर दो रुपये खुद रख लेता है। ध्यान दो - हर आदमी चार रुपये का खाना खा गया तो कुल खाना खाया गया 12 रुपये का, 2 रुपये गये वेटर के पास तो शुरू के 15 रुपये में से एक रुपया कहाँ चला गया? बोलो।

फलों के तीन डिब्बे हैं जिन पर लिखा है सेब, संतरा और ‘सेब और संतरा’। मज़ेदार बात ये है कि तीनों लेबल उल्टे सीधे लगे हुए हैं और कोई भी सही नहीं लगा है। तुम्हें किसी एक डिब्बे से फल निकाल के देखने की आज़ादी है। सोच के बताओ, किस डिब्बे में हाथ डाल कर तुम तीनों लेबल को सही कर सकते हो?

मुनिया की अम्मा के चार बच्चे हैं। एक का नाम फागुन, एक का चैत्र और एक का वैशाख। चौथे का क्या नाम है?

एक सेठ के पास दो घन (पासे-क्यूब) है जिन पर संख्याऐं लिखी है। संख्या कुछ ऐसी लिखी हैं कि सेठ जी क्यूब को घुमा फिरा के ऐसे लगा लेते हैं जिससे तारीख पता लग जाती है। तुम्हें ये बताना है कि क्यूव पर कौन से नंबर लिखे हुए हैं। ध्यान देना कि अगर हमें सात तारीख दिखाई है तो हम लिखेंगे ‘07’