बचपन के प्रारंभिक वर्ष जीवनभर की स्वास्थ्य संबंधी आदतों की नींव रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। भारत में बच्चे आज कई उभरती हुई स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, जिनमें मोटापा, शारीरिक निष्क्रियता, अत्यधिक स्क्रीन का उपयोग, अनियमित नींद की आदतें और मानसिक-सामाजिक तनाव शामिल हैं। ये बदलती हुई चुनौतियाँ प्रारंभिक आयु से ही स्वास्थ्य जागरूकता को सुदृढ़ करने और स्वस्थ व्यवहारों को बढ़ावा देने की आवश्यकता को रेखांकित करती हैं। स्वास्थ्य एक अमूर्त अवधारणा है, इसलिए प्रारंभिक अवस्था में ही स्वास्थ्य की समग्र अवधारणा को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक हो जाता है। आयु-अनुकूल तरीके से स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं से परिचय, बच्चों को स्वस्थ और अस्वस्थ व्यवहारों एवं आदतों के बीच अंतर समझने तथा उनके शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव को जानने में सक्षम बनाता है। बच्चों को यह समझ विकसित करने में सहायता, दृश्य विशेषताओं और स्वास्थ्य के कार्यात्मक पहलुओं के अवलोकन एवं तुलना के माध्यम से दी जाएगी, जिसे बहु-आयामी शिक्षण व्यवस्था के अंतर्गत सुदृढ़ किया जाएगा। सहायक सामग्री के नियमित उपयोग से बच्चों में स्वास्थ्य से जुड़ी अवधारणाएँ सरल और सहज रूप में विकसित होंगी। इसी संदर्भ में, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (एम ओ एच एफ डब्ल्यू) द्वारा विद्यालय जाने वाले बच्चों के लिए स्वस्थ जीवनशैली शिक्षा को सुदृढ़ करने हेतु प्रमाण-आधारित शैक्षणिक सामग्री विकसित की गई है। इस पहल के अंतर्गत संरचित स्वास्थ्य शिक्षा मॉड्यूल तैयार किए गए हैं, जिनमे डिजिटल, दृश्य और इंटरैक्टिव संसाधनों को सम्मिलित किया गया है। इनमें चित्रात्मक एवं एनिमेटेड सामग्री, स्वस्थ और तनावग्रस्त शरीर अंगों के तुलनात्मक चित्रण, क्यूआर-कोड के माध्यम से अतिरिक्त डिजिटल सामग्री तक पहुँच, तथा डिजिटल और वीआर प्लेटफॉर्म पर विकसित वर्चुअल मॉडल भी शामिल हैं। स्वस्थ और अस्वस्थ अंगों एवं व्यवहारों के विपरीत चित्रण, पाठ्यपुस्तक-आधारित जीवनशैली शिक्षा के साथ मिलकर दृश्य एवं स्थानिक सीख को प्रोत्साहित करेंगे और अनुभवात्मक शिक्षण के माध्यम से अमूर्त स्वास्थ्य अवधारणाओं को आसानी से समझने में सहायता करेंगे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय, जनजातीय कार्य मंत्रालय तथा अन्य संबंधित भागीदारों के बीच निरंतर साझेदारी के माध्यम से स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु गहन प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य देश भर के बच्चों के लिए दीर्घकालिक स्वास्थ्य, शैक्षिक और विकासात्मक परिणामों को समग्र रूप से प्राप्त करना है। यह आधारभूत स्वास्थ्य शिक्षा जागरूकता, समझ और स्मरण शक्ति को बढ़ाने, सूचित निर्णय लेने में सहायता करने तथा जीवन-पथ के आरंभिक चरण से ही स्वस्थ व्यवहारों को अपनाने को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य करती है। विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर शैक्षणिक सामग्री का प्रभावी उपयोग बच्चों के समग्र विकास में सहायक होगा और भविष्य की पीढ़ियों के स्वास्थ्य, शिक्षण परिणामों और समग्र कल्याण को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हिंदी में 'माई हेल्थ वर्ल्ड' पुस्तक पढ़ने के लिए, यहाँ क्लिक करें।