राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन करने हेतु कौन पात्र है? ऐसे बच्चे राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं जो भारत के नागरिक हैं तथा भारत में रहते हैं। क्या कोई नागरिक इस पुरस्कार के लिए बच्चे को नामित कर सकता है? भारत का कोई नागरिक ऐसे किसी बच्चे को नामित कर सकता है जिसमें किसी श्रेणी अर्थात नवाचार, समाज सेवा, शैक्षिक उपलब्धि, खेल, कला एवं संस्कृति तथा बहादुरी में उत्कृष्टता हासिल की है। क्या आवेदक राष्ट्रीय बाल पुरस्कार की सभी छ: श्रेणियों में से एक से अधिक श्रेणी के लिए आवेदन कर सकता है? नहीं। आयु संबंधी पात्रता क्या है? बच्चे की आयु 5 वर्ष से अधिक परंतु 18 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। क्या कोई न्यूनतम शैक्षिक अर्हता अपेक्षित है? आवेदन करने/सिफारिश करने के लिए कोई न्यूनतम शैक्षिक अर्हता अपेक्षित नहीं है। यदि किसी बच्चे ने अतीत में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (तत्कालीन असाधारण उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्राप्त किया है तो क्या वह बच्चा पुन: इस पुरस्कार के लिए आवेदन करने हेतु पात्र है? नहीं। राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए पुरस्कार की राशि कितनी है? प्रत्येक पुरस्कार विजेता को पदक, एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार, 10 हजार रुपये मूल्य के बुक वाउचर, प्रमाण पत्र तथा प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। आवेदन स्वीकार करने की अंतिम तिथि क्या है? आवेदन पूरे वर्ष स्वीकार किए जाएंगे। तथापि, 31 अगस्त तक प्राप्त किए गए आवेदनों पर विचार अगले साल जनवरी में प्रदान किए पुरस्कार के लिए किया जाएगा तथा 31 अगस्त के बाद प्राप्त आवेदकों पर विचार अगले वर्ष के लिए किया जाएगा। क्या आवेदन राज्य सरकार द्वारा पृष्ठांकित होना चाहिए अथवा इसे मंत्रालय को सीधे भेजा जा सकता है? महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध वेब पोर्टल पर बच्चा सीधे आवेदन कर सकता है। भारत का कोई नागरिक / केंद्र सरकार / राज्य सरकार का प्राधिकारी भी इस पोर्टल के माध्यम से आवेदन की सिफारिश कर सकता है। पुरस्कार समारोह कब होगा? ये पुरस्कार गणतंत्र दिवस सप्ताह से पहले वाले सप्ताह में दिए जाएंगे। पुरस्कार कौन प्राप्त कर सकता है ? मरणोपरांत दिए जाने वाले पुरस्कारों को छोड़कर, जब माता-पिता/अभिभावक पुरस्कार प्राप्त कर सकते हैं, पुरस्कार विजेता पुरस्कार स्वीकार करेगा। क्या पुरस्कार विजेताओं तथा उनके अभिरक्षकों के लिए बोर्डिंग एवं लाजिंग की कोई सुविधा उपलब्ध है? महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा दिशानिर्देशों के अनुसार पुरस्कार विजेताओं तथा उनके अभिरक्षकों के लिए बोर्डिंग एवं लाजिंग की व्यवस्था की जाएगी। क्या पुरस्कार विजेताओं तथा उनके अभिरक्षकों को यात्रा भत्ता की कोई प्रतिपूर्ति की जाएगी? आने और जाने के लिए एसी-।। टीयर से यात्रा की लागत की प्रतिपूर्ति की जाएगी। क्या पुरस्कार विजेता के साथ किसी अभिरक्ष की अनुमति है? दिशानिर्देशों के अनुसार, पुरस्कार विजेता के साथ दो अभिरक्षक अनुमत हैं। स्त्रोत: महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार