केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने यहां राष्ट्रीय स्टॉप डायरिया अभियान 2024 का शुभारंभ किया स्टॉप डायरिया अभियान का उद्देश्य बचपन में होने वाली डायरिया से बच्चों की मृत्यु को शून्य करना है; इसमें 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को दो ओआरएस पैकेट और जिंक की को-पैकेजिंग के साथ 2 महीने का अभियान शामिल है। पृष्ठभूमि: बच्चों में दस्त की लगातार बढ़ती समस्या से निपटने और शून्य बाल मृत्यु दर को लेकर प्रयास करने के लिए, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने अपने लंबे समय से चल रहे गहन दस्त नियंत्रण पखवाड़े (आईडीसीएफ) को स्टॉप डायरिया अभियान के रूप में पुनः ब्रांड किया है। 2014 में शुरू हुई यह पहल रोकथाम, सुरक्षा और उपचार (पीपीटी) रणनीति को बढ़ाने और ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ओआरएस) और जिंक के उपयोग को बढ़ाने पर केंद्रित है। अभियान 2024 का नारा "डायरिया की रोकथाम, सफाई और ओआरएस से रखें अपना ध्यान” है, जो रोकथाम, स्वच्छता और उचित उपचार के महत्व पर जोर देता है। स्टॉप डायरिया अभियान दो चरणों में लागू किया जाएगा: 14 से 30 जून, 2024 तक प्रारंभिक चरण और 1 जुलाई से 31 अगस्त, 2024 तक अभियान चरण। इस अवधि के दौरान प्रमुख गतिविधियों में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों वाले घरों में ओआरएस और जिंक के को-पैकेज वितरित करना, स्वास्थ्य सुविधाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों पर ओआरएस-जिंक कॉर्नर स्थापित करना और डायरिया के प्रभावी प्रबंधन के लिए पहल एवं जागरूकता के प्रयासों को तेज करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, अभियान व्यापक देखभाल और रोकथाम सुनिश्चित करने के लिए डायरिया मामले के प्रबंधन के लिए सेवा प्रावधान को मजबूत करेगा। स्टॉप डायरिया अभियान के फोकस क्षेत्र: स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना: स्वास्थ्य सुविधाओं का उचित रखरखाव और उपयोग सुनिश्चित करना और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति (ओआरएस, जिंक) की उपलब्धता सुनिश्चित करना। स्वच्छ जल और स्वच्छता तक पहुंच में सुधार: सुरक्षित पेयजल और बेहतर स्वच्छता प्रदान करने के लिए कठोर गुणवत्ता नियंत्रण उपायों और स्थायी कार्य प्रणालियों को लागू करना। पोषण कार्यक्रमों को बढ़ाना: बेहतर पोषण पहलों के माध्यम से दस्त रोगों के एक प्रमुख कारण कुपोषण को दूर करना। स्वच्छता शिक्षा को बढ़ावा देना: व्यापक स्वच्छता शिक्षा कार्यक्रमों के माध्यम से स्कूलों को आवश्यक सुविधाओं से लैस करना और बच्चों में स्वस्थ आदतों को बढ़ावा देना। इन फोकस क्षेत्रों का उद्देश्य दस्त के प्रबंधन और रोकथाम के लिए एक समग्र दृष्टिकोण बनाना है, जिससे अंततः बाल मृत्यु दर में कमी आए और समग्र सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार हो। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय पेयजल और स्वच्छता, महिला और बाल विकास, स्कूली शिक्षा, ग्रामीण विकास और शहरी विकास जैसे विभिन्न संबंधित मंत्रालयों के साथ मिलकर काम कर रहा है। यह बहु-क्षेत्रीय दृष्टिकोण स्टॉप डायरिया अभियान के बेहतर तालमेल और कार्यान्वयन को सुनिश्चित करता है, जिसका लक्ष्य बाल मृत्यु दर में कमी लाने और सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए एक व्यापक और प्रभावशाली कार्यक्रम को साकार करना है। PIBअभी के लिए