ग्राम सभा सदस्य के रूप में आपकी जिम्मेदारियां एवं कर्त्तव्य विभिन्न भूमिकाओं में – व्यक्ति के रूप में, परिवार के सदस्य के रूप में, समाज के सदस्य के रूप में तथा ग्राम पंचायत के निवासी के रुप में नागरिक स्वच्छता के लिए जिम्मेदार हैं । नागरिकों की भिन्न-भिन्न भूमिकाओं का अभिप्राय भिन्न-भिन्न जिम्मेदारियों से हो सकता है परन्तु प्रत्येक भूमिका में पर्याप्त स्वच्छता सुनिश्चित करने की आवश्यकता महत्वपूर्ण होती है । अब तक की चर्चा के आधार पर स्वच्छता के संबंध में ग्राम पंचायत के नागरिकों की कुछ बुनियादी कर्तव्यों को यहाँ सूचीबद्ध किया गया है: निजी साफ़-सफाई को व्यवहार में लाना, जिसमें हाथ धोना, उंगलियों के नाख़ून काटना तथा माहवारी से संबंधित साफ़-सफाई शामिल हैं । घर के अंदर स्वच्छता बनाए रखना । समय-समय पर अवांछित घास/खरपतवार/झाड़-झंकाड की सफाई करना । व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों/मूत्रालयों का प्रयोग करके खुले में शौच करने/पेशाब करने से परहेज करना । बच्चों के मल को नालियों या अन्य स्थानों पर नहीं फेंकना, अपितु शौचालय में उसके सुरक्षित निस्तारण को सुनिश्चय करना । अपशिष्ट के सृजन को कम करना । जहाँ तक संभव हो, प्लास्टिक का कम प्रयोग करना । घर के कचरे को क्षरणशील और गैर क्षरणशील कचरे के रूप में अलग करना । अपशिष्ट को खुली नालियों या गलियों में ना फेंकना अपितु उसे निर्धारित स्थानों पर या निर्धारित कूड़ेदान में डालना । कंपोस्टिंग के पर्याप्त उपायों का प्रयोग करना । अपशिष्ट जल को सड़कों पर बहने ना देना । नारियल के अप्रयुक्त छिलकों, टूटे बर्तनों, इस्तेमाल में ना आने वाले टायरों आदि के समुचित निस्तारण का सुनिश्चय करना । मृत पशुओं एवं पक्षियों को सुरक्षित ढंग से तथा जल स्रोतों से दूर जमीन में गाड़ना । हैंड पंप/बोर वेल/सार्वजनिक टोंटी के प्लेटफार्म को गंदा ना करना । मवेशियों के शेड को स्वच्छ बनाए रखना । सुनिश्चित करना कि पानी, अपशिष्ट पानी तथा अन्य ठोस अपशिष्ट खाली भूखंडों या आंशिक रूप से निर्मित एवं ध्वस्त मकानों में जमा न हो । गांव में शुरू की गई स्वच्छता सेवाओं एवं उपायों के लिए भुगतान करके उनके अनुरक्षण में योगदान करना । स्वच्छता की अवसंरचना के संबंध में यदि कोई समस्या दिखाई देती है, तो उसे जी पी डब्ल्यू एस सी/वी डब्ल्यू एस सी सदस्यों की जानकारी में लाना । जहाँ स्वच्छता की विद्यमान वर्तमान मांग को पूरा करने में असमर्थ हैं वहाँ स्वच्छता के अतिरिक्त उपाय करना । ये ऐसे मुद्दे हैं जिन पर ग्राम सभा तथा अन्य सामुदायिक बैठकों में चर्चा हो सकती है । इन कार्यो को पूरा करने तथा जो ऐसा नहीं करते हैं उनको सलाह देने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जा सकता है । स्रोत: पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार