देश भर में स्‍वास्‍थ्‍य कर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और अन्‍य रोगों से पीड़ित साठ वर्ष से अधिक आयु के वरिष्‍ठ नागरिकों को टीके की एहतियाती डोज लगाने का अभियान शूरू हो गया है। केन्‍द्र ने दिशा-निर्देश जारी किये हैं कि एहतियाती डोज के लिए नये पंजीकरण की जरूरत नहीं है। दोनों टीके लगवा चुके पात्र लोग किसी भी टीकाकरण केन्‍द्र पर सीधे जाकर या पहले से नियत समय पर एहतियाती डोज लगवा सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन तारीख और समय निश्चित करने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गयी है।

को-विन प्रणाली से एहतियाती डोज के पात्र लोगों को एसएमएस के माध्‍यम से संदेश भेजा जाएगा।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया ने बताया है कि एक करोड़ से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्‍ठ नागरिकों को एहतियाती डोज के लिए एसएमएस भेजे गए हैं। दूसरा टीका लगवाने के नौ महीने या 39 सप्‍ताह पूरे हो चुकने के आधार पर एहतियाती डोज के लिए प्राथमिकता दी जा रही है।

राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्‍ली में एहतियाती डोज के लिए पात्र लोग विभिन्‍न केन्‍द्रों पर टीका लगाने के लिए पहुंच रहे हैं। एहतियाती डोज पहले लगाये गये कोविड रोधी टीके के ही लगाए जाएंगे। नई दिल्‍ली के डॉक्‍टर राम मनोहर लोहिया अस्‍पताल में कोविड टीकाकरण की प्रभारी डॉक्‍टर नीलम रॉय ने बताया है कि स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल कर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्‍ठ नागरिकों में एहतियाती डोज लगवाने के लिए काफी उत्‍साह है।

जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में भी स्वास्थ्य कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं तथा गंभीर रोगों से ग्रस्‍त वरिष्ठ नागरिकों को कोविडरोधी टीके की एहतियाती खुराक देने का काम शुरू हो गया। सांबा जिले में, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों के लिए 20 टीकाकरण केंद्रों पर एहतियाती टीका लगाया गया। सांबा के जिला अस्पताल में टीके की एहतियाती खुराक लेने वाले कोरोना योद्धाओं और स्वास्थ्य कर्मियों ने आकाशवाणी से बातचीत में अपने विचार साझा किए।

स्त्राेत : समाचार सेवा प्रभाग, आकाशवाणी।