केन्‍द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और केन्‍द्रीय आवास और शहरी विकास मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री हरदीप एस. पुरी द्वारा देश में अपनी तरह का पहला अर्बन लर्निंग इंटर्नशिप प्रोग्राम-ट्यूलिप लॉन्च किया गया है। इसके तहत स्‍नातक स्‍तर की शिक्षा पूरी कर चुके नए छात्रों को देश भर के शहरी स्थानीय निकायों और स्‍मार्ट सिटी से जैसे प्रोजेक्‍ट में इंटर्नशिप करने का मौका मिलेगा। इसके साथ ट्यूलिप का एक पोर्टल भी जारी किया गया है।

ट्यूलिप प्रोग्राम की विस्‍तार से जानकारी देते हुए शहरी विकास मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री हरदीप पुरी ने सूचित किया कि उम्‍मीद है कि पहले साल में इस कार्यक्रम के तहत 25000 छात्रों को इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। इससे ज्‍यादा से ज्‍यादा युवाओं को शहरी स्‍थानीय निकायों के विस्‍तृत कामकाज के प्रत्‍यक्ष अनुभव का लाभ मिल सकेगा । इसके जरिए एक ऐसा मानव संसाधन पूल भी तैयार होगा जिसे उद्योग अपनी आवश्‍यकताओं के अनुरुप काम के लिए अनुबंधित कर सकेंगे।

ट्यूलिप भारत के स्नातकों के बाज़ार मूल्‍य को बढ़ाने में मदद करेगा और शहरी नियोजन, परिवहन इंजीनियरिंग, पर्यावरण, नगरपालिका वित्त आदि जैसे विविध क्षेत्रों में एक संभावित प्रतिभा पूल बनाने में मदद करेगा। इससे न केवल संभावित शहर प्रबंधकों बल्कि प्रतिभाशाली निजी / गैर-सरकारी क्षेत्र के पेशेवरों के सृजन में तेजी आएगी। ट्यूलिप से यूएलबीऔर स्मार्ट शहरों को अत्यधिक लाभ होगा। यह भारत की शहरी चुनौतियों के समाधान के लिए सह-निर्माण में युवाओं को जोड़ने के साथ नए विचारों और ऊर्जा के प्रसार को बढ़ावा देगा। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यह सामुदायिक भागीदारी और सरकार-शिक्षा-उद्योग-नागरिक समाज के संबंधों को बढ़ावा देने के लिए सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाएगा। इस प्रकार ट्यूलिप- "द अर्बन लर्निंग इंटर्नशिप प्रोग्राम" भारत के यूएलबी और स्मार्ट शहरों के कामकाज में नई ऊर्जा और विचारों को विकसित करने के साथ-साथ प्रशिक्षुओं के सीखने के अनुभव के दोहरे लक्ष्य को पूरा करने में मदद करेगा।

यह शुरूआत वर्ष 2025 तक एमएचआरडी और एआईसीटीई के 1 करोड़ सफल इंटर्नशिप के लक्ष्य को पूरा करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। ट्यूलिप को अधिकार देने वाला डिजिटल प्लेटफॉर्म खोज, जुड़ाव, एकत्रीकरण, प्रवर्धन और पारदर्शिता को सक्षम बनाएगा। प्लेटफ़ॉर्म विशिष्‍ट रूप से निर्मित है और सुविधाजनक पहुँच के लिए यूएलबी / स्मार्ट शहरों और प्रशिक्षुओं को अत्यधिक लचीलापन प्रदान करता है। सुरक्षा विशेषताओं का पूरी तरह से परीक्षण किया गया है।

बी टेक, बी आर्किटेक्‍चर, बी प्‍लानिंगऔर बीएसई आदि जैसी स्‍नातक डिग्री प्राप्‍त कर चुका कोई भी छात्र स्‍नातक होने के 18 महीने की अवधि के अंदर ट्यूलिप कार्यक्रम के तहत इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकता है।

अधिक जानकारी या आवदेन करने के लिए यहाँ क्लिक करें।