देश भर में महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षा में अधिक सुधार लाने के उद्देश्य से और महिलाओं की समग्र बेहतरी की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों के अनुरूप, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती स्मृति जुबिन ईरानी द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग के हेल्पलाइन नंबर - 7827170170 का शुभारम्भ किया गया है।

हेल्पलाइन का उद्देश्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं को पुलिस, अस्पतालों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोवैज्ञानिक सेवाओं जैसे उचित अधिकारियों से जोड़कर 24 घंटे के लिए एक समान नम्बर द्वारा शिकायत और परामर्श सेवाएं प्रदान करना और देश भर में महिलाओं से संबंधित सरकारी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्रदान करना है। प्रशिक्षित विशेषज्ञों की एक टीम के साथ हेल्पलाइन काम करेगी। नई दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग के परिसर से संचालित होने वाली इस हेल्पलाइन पर 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की कोई भी लड़की या महिला कॉल करके मदद ले सकती है।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने बताया कि यह डिजिटल हेल्पलाइन महिलाओं को संदेश देती है कि जब भी उन्हें जरूरत होगी, उनकी सरकार और उनका आयोग उनके साथ खड़ा रहेगा। एनसीडब्ल्यू और डब्ल्यूसीडी के बीच साझेदारी संकट में महिलाओं की मदद के लिए एक सहज हस्तक्षेप सुनिश्चित करने में एक लंबा सफर तय करती है।

राष्ट्रीय महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। पीड़ित महिलाओं के लिए अपनी पहल को ध्यान में रखते हुए, आयोग ने एक छत के नीचे हिंसा से प्रभावित महिलाओं के लिए सेवाओं की एकीकृत श्रेणी की सुविधा, जैसे पुलिस की मदद, मनो-सामाजिक परामर्श और अन्य सेवाओं के साथ वन स्टॉप सेंटर तक पहुंच के लिए इस नई हेल्पलाइन की शुरुआत की है। महिलाओं के खिलाफ हिंसा से संबंधित मुद्दों पर मदद की सुविधा के लिए हेल्पलाइन चौबीसों घंटे काम करेगी।

एनसीडब्ल्यू अपने वैधानिक आदेश के तहत देश भर से हिंसा/महिला अधिकारों से वंचित होने की विभिन्न श्रेणियों के तहत शिकायतों को देख रहा है। ये शिकायतें आयोग की वेबसाइट यानी www.ncw.nic.in. पर लिखित या ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त की जाती हैं। आयोग शिकायतों का उपयुक्त निवारण सुनिश्चित करने के लिए महिलाओं को पर्याप्त और शीघ्र राहत प्रदान करने में सुविधा के लिए शिकायतों पर कार्रवाई करता है। शिकायत मंच को मजबूत और विस्तारित करने के लिए आयोग ने इस डिजिटल हेल्पलाइन को शुरू करने की पहल की है। इस हेल्पलाइन सेवा को डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया गया है।

स्त्रोत : पत्र सूचना कार्यालय, भारत सरकार।