यह वीडियो भारत की जनगणना 2027 के लिए स्व-गणना (Self-Enumeration) पोर्टल का उपयोग करने के बारे में एक विस्तृत मार्गदर्शिका प्रदान करता है। इसमें बताया गया है कि कैसे नागरिक आधिकारिक मकान सूचीकरण चरण से 15 दिन पहले डिजिटल माध्यम से अपने घर और सुविधाओं का विवरण स्वयं भर सकते हैं। ट्यूटोरियल में मोबाइल सत्यापन, स्थान चयन और प्रश्नावली भरने की चरण-दर-चरण प्रक्रिया दिखाई गई है, जिसके अंत में एक 11-अंकों का एसई आईडी (SE ID) प्राप्त होता है। यह डिजिटल पहल जनगणना प्रक्रिया को जनता के लिए अधिक सुविधाजनक, सटीक और तेज़ बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। वीडियो ट्रांसक्रिप्ट नमस्कार। भारत में शुरू होने जा रही है जनगणना, यानी देश में कितने लोग हैं इसकी गिनती। पर इस बार की जनगणना खास है। और खास इसलिए है कि इसमें डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। जनगणना दो चरणों में होगी। पहले चरण में हाउस लिस्टिंग यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना और दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। तो बात करते हैं पहले चरण की। इसमें निर्धारित प्रगणक घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे और मकानों की गणना करेंगे। यह प्रक्रिया सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल यानी स्व-गणना के माध्यम से भी की जा सकती है। इसमें परिवार का मुखिया या कोई सदस्य पोर्टल पर जाकर अपने घर और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी स्वयं भर सकता है। ध्यान रखें, एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही घर का लॉगिन संभव है। जिसकी एंट्री परिवार के मुखिया की ओर से होगी। मुखिया का नाम बदला नहीं जा सकता। लोगों द्वारा पहले से जानकारी भरे जाने से गणना आसान और तेज़ हो जाती है। स्व-गणना एक विशेष सुविधा है। यह उस विशेष राज्य या संघ राज्य क्षेत्र में मकान सूचीकरण कार्य शुरू होने से 15 दिन पहले उपलब्ध कराया जाएगा। और यह सुविधा उस राज्य या संघ राज्य क्षेत्र में 15 दिन के लिए ही उपलब्ध रहेगी। जो चाहे वो स्व-गणना के तहत पहले ही अपना विवरण दर्ज कर सकता है। स्व-गणना पोर्टल में एंट्री का तरीका। सबसे पहले पोर्टल खोलें। फिर अपना राज्य या केंद्र शासित प्रदेश भरें। फिर कैप्चा भरें। इसके बाद स्वागत स्क्रीन आगे के चरणों का मार्गदर्शन करेगी। परिवार की मुखिया जैसे यहाँ सुशीला देवी अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करती हैं। अपनी भाषा चुनें। फिर ओटीपी से सत्यापन होता है। पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और बहुत आसान है। जिला और नज़दीकी स्थान चिन्ह यानी लैंडमार्क चुनना ज़रूरी है। मैप पे मार्कर दिखाई देगा। वहीं अपने घर का स्थान चिन्हित करें। इसके बाद एचएलओ प्रश्नावली का पृष्ठ खुल जाएगा। अधिकांश प्रश्न विकल्प आधारित होंगे। साथ ही लिखने के लिए फोनेटिक और वर्चुअल कीबोर्ड होगा। एफएक्यूज़ और टूलटिप्स हर शंका का तुरंत समाधान करते हैं। यदि कोई प्रश्न अथवा जानकारी छूट जाए तो सिस्टम खुद आपको संकेत देता है। सभी विवरण भरे जाने के बाद चेक करें। ड्राफ्ट सहेजें। ज़रूरत हो तो संशोधन भी करें या अंतिम रूप से जमा करें। सबमिशन के बाद एच से जुड़ा 11 अंकों का एसई आईडी आपको दिखाई देगा। यह आपको एसएमएस से भी मिलेगा। जब प्रगणक आपके घर आए तो यह एसई आईडी आप उनसे साझा करें। आपकी दी गई सही जानकारी से हमारा देश सिर्फ मज़बूत ही नहीं बनता बल्कि उसकी वास्तविक तस्वीर भी सामने आती है। तो भागीदार बनें और सहयोग करें। हमारी जनगणना, हमारा विकास।