सारांश यह वीडियो जन्म के पहले घंटे के भीतर और शुरुआती छह महीनों तक केवल स्तनपान कराने के अत्यंत महत्व पर ज़ोर देता है। यह कोलोस्ट्रम—जिसे "पहला टीका" भी कहा जाता है—के फ़ायदों के बारे में बताता है, और कामकाजी माताओं के लिए सही पोज़िशन, साफ़-सफ़ाई और दूध को सुरक्षित रखने के बारे में व्यावहारिक सुझाव देता है। इसके अलावा, यह नई माताओं के लिए पारिवारिक सहयोग और आत्मविश्वास बढ़ाने की ज़रूरत पर भी प्रकाश डालता है, ताकि माँ और बच्चे—दोनों के स्वास्थ्य और भलाई को सुनिश्चित किया जा सके। प्रतिलिपि बच्चे के पैदा होते ही, पहले एक घंटे के भीतर उसे माँ का दूध ज़रूर पिलाना चाहिए। जैसे ही बच्चा माँ की त्वचा से त्वचा या स्किन टू स्किन के संपर्क में आता है, इससे दूध बनने की प्रक्रिया तेज़ होती है और बच्चे को गर्माहट भी मिलती है। यह संपर्क माँ-बच्चे के रिश्ते को भी गहरा बनाता है। माँ का पहला गाढ़ा पीला दूध – जिसे कोलोस्ट्रम कहते हैं – पोषण से भरपूर होता है। यह बच्चे की इम्युनिटी यानी बीमारियों से लड़ने की ताक़त को बढ़ाता है। इसलिए इसे 'पहला टीका' भी कहा जाता है। पहले 6 महीनों तक बच्चे को सिर्फ़ माँ का दूध ही देना चाहिए। न पानी, न शहद, न घुट्टी। माँ का दूध ही बच्चे का संपूर्ण आहार है। पोषण, प्यार और सुरक्षा – यही है माँ का उपहार। दूध पिलाने से पहले माँ को हाथ धोने चाहिए और आराम से बैठना चाहिए। बच्चे को इस तरह पकड़ें की उसकी ठोड़ी माँ की छाती को छुए। जब बच्चा मुँह पूरा खोले, तभी दूध पिलाएं ताकि बच्चा अच्छे से पकड़ सके और सही तरीके से दूध पी सके। हर 2 से 3 घंटे में, दिन-रात मिलाकर 10 से 12 बार बच्चे को दूध पिलाना ज़रूरी है। पहले एक स्तन पूरा खाली करें। फिर दूसरे स्तन से पिलाएं – ताकि बच्चा हर बार पूरा पोषण पाए। अगर बच्चा कमज़ोर है या माँ काम पर जाती है, तो माँ साफ़ हाथों से दूध निकाल सकती हैं। इसे साफ़ बर्तन में भरकर 2-4 डिग्री सेल्सियस पर फ्रिज में रखें। अगर दूध बाहर रखा हो, तो 4 घंटे के भीतर ज़रूर इस्तेमाल करें। माँ को सर्दी-खांसी या हल्का बुखार हो, तब भी स्तनपान कराना सुरक्षित है। साफ़-सफ़ाई का विशेष ध्यान रखें। अगर कोई दवा लेनी हो, तो डॉक्टर से ज़रूर पूछें – ताकि बच्चा सुरक्षित रहे। स्तनपान के लिए माँ को समय, धैर्य और परिवार का पूरा सहयोग मिलना ज़रूरी होता है। पति, सास और परिवार के सभी लोग नई माँ का साथ दें ताकि वह आत्मविश्वास से बच्चे को स्तनपान करा सके। स्तनपान केवल दूध नहीं, यह माँ का पहला प्यार है, पहला पोषण है और बच्चे की पहली सुरक्षा भी। माँ स्वस्थ, बच्चा स्वस्थ – यही है पोषण की सही शुरुआत।